मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता की सराहना की, कहा- “छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होगा”

गरियाबंद (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात से जारी नक्सली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इस मुठभेड़ में अब तक 14 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें दो महिला नक्सली भी शामिल हैं। घटना स्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक, 1 एसएलआर और आईडी भी बरामद की गई है। इसके साथ ही सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन को निरंतर सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षाबलों की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत देश और प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “गरियाबंद के कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा की गई मुठभेड़ में 10 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। मैं जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं। हमारी डबल इंजन सरकार के तहत, छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होगा।”
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सुरक्षाबलों की इस सफलता पर बधाई दी और कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बना दिया जाएगा। सुरक्षाबल इस दिशा में अद्वितीय कार्य कर रहे हैं और उनकी उपलब्धियों को हम सलाम करते हैं। नक्सलवाद का खात्मा राज्य के विकास के लिए आवश्यक है।”
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “गरियाबंद में जारी मुठभेड़ में अब तक 14 नक्सली मारे गए हैं, और ऑपरेशन अभी भी जारी है। यह एक ऐतिहासिक सफलता है, क्योंकि इस ऑपरेशन में पहली बार एक CC सदस्य भी मारा गया है। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त होगा।”
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर जारी इस मुठभेड़ ने सुरक्षा बलों की तत्परता और नक्सलवाद के खिलाफ उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाया है।