प्रदेश में तापमान बढ़ने से ठंड में कमी, उत्तरी क्षेत्रों में कोहरे की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर जारी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में गुलाबी ठंड और सर्द हवाओं का सामना हो रहा है। हालांकि, प्रदेश में उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है, जिससे शीतलहर का असर कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर भी देखा जा सकता है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते ठंड में कमी आएगी। मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश में आज तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4°C जगदलपुर और दंतेवाड़ा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 08.9°C बलरामपुर में दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 से 9.4 किमी ऊंचाई पर सक्रिय है, जबकि उत्तर भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 140 नॉट तक की कोर हवाओं के साथ व्याप्त है।
राजधानी रायपुर का मौसम:
राजधानी रायपुर में आज का मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के वक्त आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 16°C के आसपास रहने की संभावना है।



