मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी में 2580 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे भूमिपूजन, कांग्रेस की बैठक का दूसरा दिन
भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, शनिवार 11 जनवरी को बड़वानी जिले के सेंधवा कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह 2580.827 करोड़ रुपए की लागत से 13 विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे और 58.463 करोड़ रुपए की लागत से 19 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। विशेष रूप से, इन परियोजनाओं में बड़वानी जिले के किसानों के लिए दो प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन भी होगा, जो कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं में सुधार लाएंगी।
मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12:30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, और फिर 12:35 बजे इंदौर से रवाना होकर 1:15 बजे बड़वानी जिले के सेंधवा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे इंदौर लौटेंगे और फिर 5 बजे कलारिया गांव में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 6 बजे इंदौर एयरपोर्ट से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
कांग्रेस की मैराथन बैठक का दूसरा दिन:
मध्यप्रदेश कांग्रेस की मैराथन बैठक का आज दूसरा दिन है। प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह विधायकों के साथ बैठक करेंगे। सुबह 10 बजे से कांग्रेस विधायकों की बैठक शुरू होगी, जिसमें भंवर जितेंद्र सिंह विधायकों से वन टू वन चर्चा करेंगे और पार्टी की मजबूती को लेकर फीडबैक लेंगे। यह बैठक प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के अगले दिन आयोजित हो रही है।