विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM विष्णुदेव, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कर सकता है राज्यपाल से मुलाकात; राष्ट्रीय युवा दिवस पर विवेकानंद आश्रम में होगा बड़ा आयोजन।

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से राज्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत डी-स्लज वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके बाद, सुबह 11:25 बजे वे बृहन्महाराष्ट्र मंडल के 73वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेंगे। दोपहर 12:45 बजे अखिल भारतीय शौण्डिक राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। शाम 5 बजे इंडिया इंटरनेशनल राइट राइस समिट 2025 में उपस्थित रहकर कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
निकाय चुनाव को लेकर NSUI ने तेज की तैयारी
निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) तैयारी में जुटा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय आज दोपहर 2 बजे मीडिया से चर्चा करेंगे। इस दौरान वे सदस्यता अभियान से संबंधित जानकारियां और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से करेगा मुलाकात
कांग्रेस ने राज्यपाल रमेन डेका से शुक्रवार को मुलाकात का समय मांगा था। संभावना है कि आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से भेंट कर OBC आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा करेगा। पार्टी का कहना है कि इस मुद्दे पर तत्काल निर्णय लेना जरूरी है।
मोवा ओवरब्रिज की जांच के लिए समिति गठित
मोवा ओवरब्रिज पर डामरीकरण कार्य में गड़बड़ियों को लेकर जांच की प्रक्रिया तेज हो गई है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने हाल ही में ब्रिज का औचक निरीक्षण किया था और कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई थी। अब इस मामले की जांच के लिए सीई स्तर की समिति बनाई गई है, जो तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
विवेकानंद आश्रम में राष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यक्रम
रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम में कल, 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शिरकत करेंगे। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं और युवाओं में उनके योगदान को समर्पित रहेगा।
प्रदेश में ठंड का प्रकोप, तापमान में जल्द राहत की उम्मीद
प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। कई जिलों में सर्द हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.3°C और बलरामपुर में 3.7°C दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। शुक्रवार को रायपुर और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 29°C दर्ज किया गया।