प्रदेश में ठंड का प्रकोप, पचमढ़ी में तापमान 1.9 डिग्री, ग्वालियर-चंबल में बारिश का अलर्ट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। हिल स्टेशन पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का सबसे कम है। वहीं, मंडला में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा और सीधी में दिन का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
प्रदेश के आठ शहरों में शीतलहर का असर महसूस किया गया। भोपाल, शहडोल, जबलपुर और अन्य जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने ग्वालियर और चंबल संभाग में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शीतलहर और कोहरे का असर
गुरुवार को राजधानी भोपाल सहित शाजापुर, सिवनी, सीहोर, जबलपुर और मंडला में शीतलहर का प्रभाव रहा। ग्वालियर, भिंड, सतना, छतरपुर, मऊगंज और पन्ना में हल्के कोहरे ने ठंड बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं। ग्वालियर और चंबल संभाग में हल्की बारिश की संभावना है।
तापमान का हाल
प्रदेश में पचमढ़ी 1.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। अन्य शहरों में मंडला का तापमान 3 डिग्री, उमरिया 4.1, बालाघाट और राजगढ़ 4.6, रीवा 4.8, भोपाल और रायसेन 5 डिग्री, खजुराहो 5.6, ग्वालियर 6.1, टीकमगढ़ और उज्जैन 6.4, तथा इंदौर 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
उज्जैन में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री, इंदौर में 26.9 डिग्री, भोपाल में 24.8 डिग्री, ग्वालियर में 24.3 डिग्री और जबलपुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश में ठंड का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। नागरिकों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।