सीएम डॉ. मोहन आज 362 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, IFS मीट का करेंगे शुभारंभ; कांग्रेस की बड़ी बैठक आज और कल
भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल में तीन प्रमुख विभागों के 362 चयनित शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम रविंद्र भवन में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि विकास विभाग के 256 कृषि विस्तार अधिकारी, 70 सहायक पशु चिकित्सक, और राजस्व विभाग के 36 नव चयनित नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री पं. खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय सभागृह में आयोजित आईएफएस मीट का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे होगा।
दिनभर व्यस्त रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिनभर का कार्यक्रम विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों और आयोजनों से भरा रहेगा।
- दोपहर 12:45 बजे वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे।
- दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन कल्याण अभियान की प्रगति, मकर संक्रांति की तैयारी, धान उपार्जन की समीक्षा, और युवा दिवस की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
- शाम 5:30 बजे वे राज्य स्तरीय अनुज कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- शाम 7 बजे जनजाति कार्य विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे।
कांग्रेस की मैराथन बैठकों की शुरुआत
प्रदेश कांग्रेस आज और कल महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन कर रही है।
- आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दो प्रमुख बैठकें होंगी।
- पहली बैठक दोपहर 1 बजे प्रदेश कार्यकारिणी की होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह करेंगे।
- दूसरी बैठक 26 जनवरी को जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा को लेकर बनाई गई कमेटी की होगी। यह यात्रा महू से शुरू होगी, जिसमें कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
- कल 11 जनवरी को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक का नेतृत्व भी प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह करेंगे।
प्रदेश की राजनीति में इन आयोजनों और बैठकों के चलते आज और कल का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।