नगरीय निकाय चुनाव पर बीजेपी की रणनीति तय होगी, सीएम साय का बिलासपुर दौरा, राजनीतिक प्रकरणों पर होगी समीक्षा, श्रमिकों को मिलेगा 14 करोड़ का तोहफा

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर के चकरभाटा में आयोजित चालीहो (चालीसा) महोत्सव में शामिल होंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री अपराह्न 2:40 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 3:10 बजे बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, चकरभाटा, बिलासपुर पहुंचेंगे। वे श्री सिंधु अमरधाम आश्रम झूलेलाल नगर में आयोजित इस महोत्सव में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे रायपुर लौट आएंगे।
इससे पहले, मुख्यमंत्री साय सुबह 10 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित पार्टी की बड़ी बैठक में शामिल होंगे।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक
भाजपा प्रदेश कार्यालय रायपुर में आज सुबह 10 बजे से नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव पर चर्चा के लिए बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री साय और भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन करेंगे। बैठक में महापौर, अध्यक्ष, और पार्षद प्रत्याशी चयन के मापदंड तय किए जाएंगे। साथ ही चुनाव प्रभारी भी नियुक्त किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री निवास पर राजनीतिक प्रकरणों पर मंत्रिपरिषद की उपसमिति की बैठक
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आज शाम 4:30 बजे मंत्रिपरिषद की उपसमिति की बैठक उपमुख्यमंत्री निवास कार्यालय सी-3, सिविल लाइन रायपुर में होगी। यह बैठक राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित दर्ज प्रकरणों की वापसी के संबंध में आयोजित होगी। इसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त राजनीतिक प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।
श्रमिकों के खातों में 14.83 करोड़ की राशि जारी
श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज प्रदेश के 37 हजार से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेंगे। वे 14.83 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में अंतरित करेंगे। इसके अतिरिक्त, 15 पंजीकृत ई-रिक्शा धारकों को एक-एक लाख रुपये का वितरण भी किया जाएगा।
अब तक श्रमिकों के हित में 375 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है। श्रम मंत्री का यह कदम प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सौगात है।