दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान आज, चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान आज दोपहर 2 बजे चुनाव आयोग द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा। अनुमान है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा, जो फरवरी के दूसरे हफ्ते में आयोजित किया जा सकता है। चुनाव के नतीजे 17 फरवरी के आस-पास घोषित हो सकते हैं।
चुनाव आयोग द्वारा 6 जनवरी को जारी की गई वोटर लिस्ट के अनुसार, इस बार दिल्ली में पिछले चुनावों की तुलना में 3 लाख से अधिक नए मतदाता जुड़ चुके हैं। अब कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता वोट देंगे, जिनमें से 83,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिलाएं, और 1,261 थर्ड जेंडर हैं।
दिल्ली चुनाव की तारीखें तय करने में एक और महत्वपूर्ण कारण है कि मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवानिवृत्ति से पहले चुनाव संपन्न करवा लेने की संभावना जताई जा रही है।

वोटर लिस्ट पर विवाद
वोटर लिस्ट को लेकर दिल्ली में सियासत भी गर्मा गई है। आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाया था, जबकि बीजेपी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि यह आरोप आम आदमी पार्टी ने खुद लगाए हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने जानबूझकर कुछ प्रमुख नामों को वोटर लिस्ट से हटाने की साजिश की है।
2015 और 2020 के चुनावों में AAP की विजय
2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। 2015 में AAP ने 70 सीटों में से 67 सीटें जीतकर रिकॉर्ड तोड़ा था, जबकि 2020 में भी AAP ने 62 सीटों पर कब्जा किया, बीजेपी को 8 सीटों तक सीमित कर दिया और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला।
अब सभी की नजरें 2025 के चुनाव परिणामों पर हैं, जो दिल्ली की राजनीति का नया अध्याय लिखने जा रहे हैं।



