रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने दंतेवाड़ा जाएंगे, महापौर पद के लिए आज आरक्षण की प्रक्रिया

रायपुर (शिखर दर्शन) // बीजापुर जिले के कुटरू में हुए आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दंतेवाड़ा जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 9.35 बजे रायपुर के पुलिस लाईन हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और 10.50 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेंगे, जहां वह शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री 11.35 बजे कारली पुलिस लाईन हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 12.55 बजे गरियाबंद जिले के राजिम स्थित कॉलेज ग्राउंड स्टेडियम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री साय दोपहर 1.35 बजे राजिम में मंदिर दर्शन करेंगे और राजिम माता जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अपरान्ह 3 बजे रायपुर लौटेंगे।

महापौर पद के लिए आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी

राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज सुबह 10.30 बजे से महापौर पद के लिए आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस प्रक्रिया में नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भी आरक्षण होगा। पहले यह प्रक्रिया 27 दिसंबर को तय की गई थी, लेकिन अब इसे आज आयोजित किया जाएगा।

बीजेपी की बड़ी बैठक 9 जनवरी को, चुनावी तैयारियां जोरों पर

बीजेपी ने आगामी निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने के लिए 9 जनवरी को प्रदेश कार्यालय में एक बड़ी बैठक बुलायी है। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सांसदों, विधायकों और नए-पुराने जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। इसके अलावा, बीजेपी विधायक दल की भी बैठक होगी, जिसमें चुनावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

नगरी निकाय चुनाव से पहले अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

नगरी निकाय चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब ने जानकारी दी कि राज्य में कुल 2.11 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 1 करोड़ 4 लाख 27 हजार 842 पुरुष और 1 करोड़ 6 लाख 76 हजार 821 महिला मतदाता हैं। प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 24,371 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

ठंड के चलते मेकाहारा OPD के समय में बदलाव

प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए मेकाहारा अस्पताल में OPD का समय बदल दिया गया है। अब OPD सुबह 8 बजे के बजाय 8.30 बजे से शुरू होगा और दोपहर 1.30 बजे तक चलेगा। यह कदम मरीजों को ठंड से राहत देने के लिए उठाया गया है। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा भी छा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!