2025 में मोहन कैबिनेट की पहली बैठक, मुख्यमंत्री करेंगे विभागों की समीक्षा; राहुल गांधी मध्य प्रदेश से शुरू करेंगे नई यात्रा
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंगलवार को एक श्रृंखलाबद्ध बैठकें आयोजित की हैं। वे विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे और 2025 की पहली मोहन कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 11 बजे से कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे, इसके बाद 12:30 बजे से सिंहस्थ कार्यों पर मंत्रिमंडल समिति की बैठक, 3 बजे से गौशालाओं के गोवंश पर अनुदान राशि के संबंध में बैठक, और 3:30 बजे से ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद शाम 4:30 बजे से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की मीटिंग होगी।

2025 की पहली कैबिनेट बैठक में सीएम डॉ. यादव मंत्रियों से विभागवार अपडेट लेंगे। बैठक में केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं, गणतंत्र दिवस की तैयारियों, और योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की जाएगी। सीएम ने मंथन में युवा, गरीब, किसान और महिलाओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए थे।
इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी 26 जनवरी से मध्य प्रदेश से अपनी नई यात्रा की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा’ के रूप में निकाली जाएगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है।



