छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: महापौर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया कल

रायपुर (शिखर दर्शन) // 7 जनवरी 2025 को छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में आम चुनाव के तहत नगर निगमों में महापौर, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। यह प्रक्रिया रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी।
पूर्व में इस कार्यवाही की तिथि 27 दिसंबर 2024 निर्धारित की गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उसे स्थगित कर दिया गया था। अब 7 जनवरी को यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी, और आरक्षण की कार्यवाही के अवलोकन के इच्छुक व्यक्ति निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित होकर इसे देख सकते हैं।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्यवाही छत्तीसगढ़ नगर पालिका (महापौर तथा अध्यक्ष के पद का आरक्षण) नियम 1999 के तहत की जा रही है। इस प्रक्रिया में प्रदेश के नगर निगमों के महापौर और नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायतों के अध्यक्षों के पदों का आरक्षण तय किया जाएगा, जो आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिए महत्वपूर्ण है।
यह आरक्षण प्रक्रिया लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ के रूप में नगर निकायों के निर्वाचन में भागीदारी सुनिश्चित करती है, जिससे सभी वर्गों को समान अवसर मिल सके।



