निगम-मंडलों की सूची को लेकर अपडेट, जाने कब तक करना पड़ेगा इंतेजार…

रायपुर (शिखर दर्शन) // राज्य में सत्ता की भागीदारी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार की तिथि का सभी को बेसब्री से इंतजार है। साथ ही, यह खबर भी आ रही है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आयोग, निगम, मंडल और बोर्ड में नियुक्तियों के आदेश जारी किए जाएंगे। इस खबर से भाजपा नेताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं और भाजपा के भीतर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रदेश भाजपा ने पहले संगठन चुनाव के तहत जिलाध्यक्षों के मनोनयन का निर्णय लिया था। अब, 5 और 6 जनवरी को जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद, कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार की तिथि घोषित हो सकती है। मंत्रियों के शपथ ग्रहण और विभागों के बंटवारे के बाद, निगम, मंडल और आयोग में नियुक्तियां होंगी। सूत्रों के मुताबिक, इन नियुक्तियों की सूची तैयार कर ली गई है और मुख्यमंत्री श्री साय से भाजपा संगठन के नेताओं की चर्चा भी हो चुकी है।

यदि सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो 10 जनवरी तक निगम और मंडल की सूची जारी हो सकती है, हालांकि पदभार ग्रहण 14 जनवरी के बाद हो सकता है। भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि हाल ही में छत्तीसगढ़ दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश ने अब नियुक्तियों में विलंब न करने का निर्देश दिया है।
भले ही भाजपा में निगम, मंडल और आयोग में दर्जनों दावेदार हैं, लेकिन पहली सूची में संगठन से जुड़े बेहद करीबी लोगों की नियुक्तियां होने की संभावना है। ये वे लोग हैं जिन्होंने पिछले पांच वर्षों से भाजपा की सरकार बनाने की योजना पर निरंतर काम किया है और सरकार बनने के बाद भी उन्होंने धैर्य बनाए रखा है। सूत्रों के अनुसार, जिन नेताओं को विधानसभा चुनाव में टिकट मिला था, उन्हें निगम, मंडल या आयोग में जगह नहीं दी जाएगी। वहीं, वर्तमान विधायकों को भी पद देने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
चर्चाओं और संभावनाओं के बीच, भाजपा में तेजी से निर्णयों के लिए उम्मीदें बढ़ी हैं, लेकिन राजनीतिक निर्णयों में कुछ समय लग सकता है, जिस कारण भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की नजरें अब इस फैसले पर टिकी हुई हैं।



