छत्तीसगढ़ में ठंड से राहत, दो दिन बाद फिर गिरेगा तापमान

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से आज लोगों को राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में आज तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन उसके बाद तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग सबसे गर्म
रविवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ एक द्रोणिका के रूप में समुद्र तल से 3.1 किमी. और 12.6 किमी. के बीच स्थित है। इसकी धुरी अक्षांश 20°N के उत्तर और देशांतर 67°E के साथ समुद्र तल से 3.1 किमी. ऊपर बनी हुई है। इस कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दो दिन बाद तापमान में गिरावट
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिन बाद तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ेगी। फिलहाल, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और लोग ठंड से राहत महसूस करेंगे।

