मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज करेंगे जांजगीर-चांपा और महासमुंद जिलों का दौरा, रायपुर नगर निगम की कमान आज से प्रशासक के हाथों में, भाजपा के जिला अध्यक्षों की दूसरी सूची आज हो सकती है जारी।

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा और महासमुंद जिलों का दौरा करेंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलिपेड से रवाना होंगे और दोपहर 12:15 बजे जांजगीर-चांपा पहुंचेंगे।
यहां वे दोपहर 12:20 बजे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे, साथ ही हसदेव क्रिएटर्स हब का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दोपहर 12:55 बजे हाई स्कूल ग्राउंड पहुंचकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे जांजगीर-चांपा के खोखरा भांठा पुलिस लाइन हेलीपेड से रवाना होकर महासमुंद जिले के ग्राम मचेवा पहुंचेंगे। यहां से वे स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय महासमुंद आएंगे, जहां विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे रायपुर लौट आएंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का रायपुर और बलौदाबाजार में कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी आज व्यस्त कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। वे दोपहर 1 बजे रायपुर के स्वर्गीय बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय अधिकारी-कर्मचारी अधिवेशन में भाग लेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:30 बजे रायपुर से बलौदाबाजार रवाना होंगे और शाम 4 बजे बलौदाबाजार जिला ऑडिटोरियम का उद्घाटन करेंगे। उप मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बलौदाबाजार से रायपुर लौटेंगे और 6:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
रायपुर नगर निगम का कार्यभार प्रशासक को सौंपा गया
रायपुर नगर निगम का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आज से इसका कामकाज प्रशासक संभालेंगे। रायपुर जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया गया है, जो अगली परिषद के गठन तक निगम का कार्यभार देखेंगे।
वन अधिकार अधिनियम पर कार्यशाला आज
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन सर्किट हाउस में आज वन अधिकार अधिनियम के बेहतर क्रियान्वयन पर कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें वनों के प्रबंधन, संरक्षण और आजीविका संबंधी विषयों पर परिचर्चा होगी। सभी जिलों के सहायक आयुक्त और परियोजना समन्वयक इस कार्यशाला में भाग लेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्षों की दूसरी सूची आज हो सकती है जारी
भाजपा की ओर से जिलाध्यक्षों की दूसरी सूची आज जारी होने की संभावना है। अब तक 36 में से 15 जिलों में जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। जातीय समीकरण के आधार पर इन नियुक्तियों में ओबीसी वर्ग को प्रमुखता दी गई है।
