पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड: रायपुर प्रेस क्लब ने गृहमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

रायपुर (शिखर दर्शन) // बीजापुर के युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या को लेकर रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की और राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
निष्पक्ष पत्रकारिता की कीमत जान देकर चुकाई
रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय ने गृहमंत्री से बातचीत के दौरान कहा कि बीजापुर में युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या उनकी निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता के कारण हुई। उन्होंने क्षेत्र में फैले भ्रष्टाचार को उजागर किया, जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। मुकेश की हत्या ने पत्रकारिता जगत में गहरा आक्रोश और शोक पैदा कर दिया है।

पत्रकारों को लगातार मिल रहीं धमकियां
रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने गृहमंत्री को यह भी अवगत कराया कि प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला को गरियाबंद में भ्रष्टाचार उजागर करने पर वन विभाग के एक अधिकारी ने जान से मारने की धमकी दी है। इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि पत्रकारों को धमकाना और उन पर हमले करना आसान हो गया है।
पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील
ज्ञापन के माध्यम से रायपुर प्रेस क्लब ने गृहमंत्री से आग्रह किया कि राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने मांग की कि सरकार पत्रकारों को मिल रही धमकियों और हमलों को गंभीरता से लेते हुए ठोस पहल करे।

गृहमंत्री का आश्वासन
गृहमंत्री विजय शर्मा ने पत्रकारों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि मुकेश चंद्राकर की हत्या के आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुकेश चंद्राकर की हत्या और इस पर पत्रकारों की प्रतिक्रिया ने राज्य में पत्रकारिता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर प्रेस क्लब की यह पहल पत्रकारों के लिए एक सुरक्षित माहौल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
