दिल्ली

दक्षिण-पूर्व दिल्ली पुलिस ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान में 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया

दिल्ली (शिखर दर्शन) // दक्षिण-पूर्व दिल्ली पुलिस ने अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मदनपुर खादर इलाके के एक गेस्ट हाउस से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह सभी लोग टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वे दिल्ली में रह रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेख सोफिउल आलम सब्बीर, मोहम्मद तक्दीरुल खान, बिजोय अहमद साही, हबीबुर रहमान और मोहम्मद मूसा मियां शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, ये बांग्लादेशी नागरिक अगस्त 2024 में भारत आए थे, और उनके वीजा अक्टूबर-नवंबर 2024 में समाप्त हो गए थे। बावजूद इसके, ये सभी दिल्ली में अवैध रूप से निवास कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बांग्लादेश के विभिन्न जिलों से हैं और मदनपुर खादर इलाके में एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।

अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत, दिल्ली पुलिस ने एक विशेष ‘अवैध प्रवासी पहचान टीम’ (IIDT) का गठन किया है। इस टीम में एसआई नरेंद्र शेरावत, एसआई हरि किशन, एएसआई बृजेश कुमार, एचसी विकास, एचसी अरुण कुमार और कॉन्स्टेबल मोहित राठी शामिल हैं। पुलिस ने इस टीम के द्वारा की गई कार्रवाई में इन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।

गेस्ट हाउस मालिक के खिलाफ भी विदेशी अधिनियम 1946 के तहत कार्रवाई की गई है, क्योंकि उसने विदेशी नागरिकों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को नहीं दी। पुलिस ने इन आरोपियों को डिपोर्टेशन प्रक्रिया के लिए FRRO के सामने पेश किया और उन्हें जल्द ही बांग्लादेश भेजने की तैयारी की जा रही है।

साउथ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान 19 नवंबर 2024 से शुरू हुआ था और अब तक 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने यह भी कहा कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!