चौथी मंजिल से गिरकर युवक की हुई मौत, पिता ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने शुरू की जांच

दुर्ग (शिखर दर्शन) // भिलाई के चौहान स्टेट के चौथी मंजिल से गिरकर नारियल पानी बेचने वाले 25 वर्षीय युवक विनय गुप्ता की मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनय गुप्ता बीती रात सुपेला स्थित चौहान स्टेट की चौथी मंजिल पर गया था, और वहां से उसकी लाश लिफ्ट एरिया के नीचे पाई गई। लिफ्ट एरिया के पास चौथी मंजिल पर गेट खराब था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक लिफ्ट में प्रवेश करने के दौरान गेट के खराब होने के कारण सीधे नीचे गिर सकता था।
सुपेला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के समय युवक नशे में था, और कुछ स्थानीय दुकान संचालकों का यह भी कहना है कि चौथी मंजिल पर अक्सर लोग शराब पीने के लिए पहुंचते थे।
विनय के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप दिया गया है। मृतक के पिता ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
