Blog

Year Ender 2024: एक नज़र उन घटनाओं पर जिन्होंने रचा इतिहास

2024 समाप्ति की ओर है, और पूरी दुनिया नए साल का स्वागत करने के लिए तैयार है। साल 2024 वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए याद किया जाएगा, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी हैं। आइए, साल 2024 की कुछ प्रमुख घटनाओं पर नज़र डालते हैं:

( शिखर दर्शन )

अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा

भारत में करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र अयोध्या में 500 साल के लंबे इंतजार के बाद 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शुरू हुए निर्माण कार्य का समापन इस ऐतिहासिक क्षण के साथ हुआ। यह घटना धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही।

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को बड़ा झटका

2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी नुकसान हुआ। 400 सीटों का लक्ष्य रखने वाली भाजपा महज 240 सीटों पर सिमट गई। उत्तर प्रदेश में भाजपा को 80 में से सिर्फ 37 सीटें मिलीं। खासकर फैजाबाद-अयोध्या सीट पर भाजपा की हार ने सबको चौंका दिया। राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भी भाजपा इस क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाए रखने में विफल रही।

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार का तख्तापलट

बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हिंसक छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना सरकार का तख्तापलट हुआ। यह आंदोलन सरकारी नौकरियों में कोटा सिस्टम के खिलाफ शुरू हुआ था। 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा। वर्तमान में मोहम्मद युनूस बांग्लादेश की कमान संभाल रहे हैं। इस घटनाक्रम ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को भी प्रभावित किया।

सीरिया में बशर अल असद की सत्ता का अंत

सीरिया में विद्रोही गुटों ने 27 नवंबर को दमिश्क पर कब्जा कर लिया। इसके बाद राष्ट्रपति बशर अल असद को देश छोड़ना पड़ा। 2011 से जारी इस संघर्ष का यह निर्णायक मोड़ था। प्रमुख विद्रोही गुट हयात तहरीर अल-शाम (HTS) ने सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

तिरुपति लड्डू विवाद

तिरुपति मंदिर में प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले लड्डू में मिलावट की खबरों ने पूरे देश को चौंका दिया। आरोप था कि लड्डू में जानवरों की चर्बी और फिश ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस विवाद की जांच के लिए नई कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव को नियुक्त किया गया, जिन्होंने प्रसाद की गुणवत्ता पर सख्त कदम उठाए।

भारत-कनाडा रिश्तों में खटास

भारत और कनाडा के बीच संबंध 2023 के अंत से ही तनावपूर्ण थे। प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भारत पर आरोप लगाया। इसके बाद दोनों देशों ने राजनयिक निष्कासन और वीजा निलंबन जैसे कठोर कदम उठाए। यह मामला भारतीय समुदाय को भी गहराई से प्रभावित करता रहा।

इजरायल-हमास युद्ध

इजरायल और हमास के बीच युद्ध 2024 में भी जारी रहा। इस संघर्ष में इजरायल ने पेजर अटैक और रेडियो ब्लास्ट जैसे नए हथियारों का इस्तेमाल किया। इस युद्ध में लाखों लोगों की जान गई और गाजा पट्टी पूरी तरह से तबाह हो गई। इजरायल और ईरान के बीच तनाव भी बढ़ा।

रूस-यूक्रेन युद्ध जारी

2022 में शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध 2024 में भी थमा नहीं। रूस ने इस साल किंजर मिसाइल का पहली बार उपयोग किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी वादों में इस युद्ध को समाप्त करने की बात कही है, जिससे 2025 में शांति की उम्मीद की जा रही है।

2024: इतिहास का सबसे गर्म साल

ग्लोबल वार्मिंग के चलते 2024 को अब तक का सबसे गर्म साल घोषित किया गया। जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई। भारत में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

लेबनान पेजर ब्लास्ट अटैक

लेबनान में इजरायल ने हिजबुल्लाह लड़ाकों को मारने के लिए पेजर ब्लास्ट तकनीक का इस्तेमाल किया। इसमें बैटरी के पास विस्फोटक लगाया गया और सही समय पर उसमें धमाका किया गया। यह हमला इजरायल की नई रणनीति का हिस्सा था और बेहद प्रभावी साबित हुआ।

साल 2024 इन घटनाओं के कारण हमेशा याद किया जाएगा। उम्मीद है कि 2025 में शांति, स्थिरता और प्रगति के नए अवसर आएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!