मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे चार संभागों की समीक्षा बैठक, प्रदेश में ठंड का कहर बढ़ने की संभावना
भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज चार संभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। इन बैठकों में रीवा, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग शामिल हैं। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे रीवा और शहडोल संभाग की बैठक लेंगे, जबकि 3 बजे ग्वालियर और चंबल संभाग की समीक्षा करेंगे। इन बैठकों में विकास कार्यों की प्रगति और पूर्व में निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा होगी। आगामी वर्ष के लिए विकास कार्यों की रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा।
डॉ. यादव लगातार अधिकारियों के साथ बैठकों का आयोजन कर रहे हैं, ताकि प्रदेश के विकास में गति लाई जा सके। यह बैठकें अगले साल की प्राथमिकताओं को तय करने के लिए अहम मानी जा रही हैं।
प्रदेश में गिरा पारा, ठंड में बढ़ोतरी की संभावना
मध्य प्रदेश में ठंड एक बार फिर से बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार सुबह से ही कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण रात के तापमान में 4-5 डिग्री तक की गिरावट संभव है।
विभाग ने राज्य के 30 से अधिक जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, और सागर समेत कई जिलों में सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। नमी बढ़ने से ठंड में और इजाफा होगा।
यहां दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान
नीमच का मरूखेड़ा शहर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। नरसिंहपुर में 10.2 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) में 10.3 डिग्री, पचमढ़ी में 11.7 डिग्री और राजगढ़ में 12 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री, इंदौर का 14.6 डिग्री, जबलपुर का 14.3 डिग्री और ग्वालियर का 14.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश में ठंड और कोहरा बढ़ने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।