संदिग्ध हालात में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, जली हुई लाशें मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

राजनांदगांव (शिखर दर्शन) // जिले के भवरमरा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के भीतर तीनों की जली हुई लाशें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर मौजूद है और जांच जारी है।

घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। मृतकों की पहचान भागवत सिन्हा (40 वर्ष), उनकी पत्नी तामेश्वरी सिन्हा (35 वर्ष), और उनकी ढाई साल की बेटी भव्या सिन्हा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भागवत सिन्हा गांव में किराने की दुकान चलाते थे, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं।
घटनास्थल पर पुलिस ने शुरुआती साक्ष्य जुटाए हैं, और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल, मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।