रायपुर संभाग

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर सीएम सहित कई नेताओं के कार्यक्रम रद्द

रायपुर (शिखर दर्शन) // पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया और उनके आज के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए। सीएम साय को सुबह 10:30 बजे रायपुर के सरदार पटेल खेल मैदान में कच्छ कड़वा पाटीदार समाज के स्वर्णिम महोत्सव में शामिल होना था। इसके बाद 11:40 बजे धमतरी में स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम और विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन में भाग लेने का कार्यक्रम था। दोपहर 3:10 बजे राजधानी लौटने के बाद उन्हें शाम 4 बजे निजी होटल में “नेक्स्ट जेन एनर्जी सॉल्यूशंस फॉर इंडस्ट्रीज” कार्यक्रम में शामिल होना था। ये सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
डिप्टी सीएम अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के भी सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।


छत्तीसगढ़ पहुंचे मोहन भागवत, छह दिवसीय प्रवास पर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज रायपुर पहुंचे। वे छह दिवसीय दौरे पर यहां प्रवास करेंगे। आज शाम 6 बजे रायपुर आगमन के बाद वे टोली बैठक, प्रातः व सांध्य शाखा सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। डॉ. भागवत एक जनवरी 2025 को रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


भाजपा संगठन चुनाव पर आज बड़ी बैठक

भाजपा संगठन चुनाव को लेकर आज सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बड़ी बैठक आयोजित होगी। बैठक में संगठन चुनाव की आगामी प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, जिला अध्यक्षों के नामों का पैनल फाइनल किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष चुनाव में उठे विवादों पर भी मंथन होगा।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, और संगठन चुनाव अधिकारी खूबचंद पारख व मधुसूदन यादव मौजूद रहेंगे। फाइनल पैनल को 29 दिसंबर को दिल्ली भेजा जाएगा, जहां इस पर अंतिम निर्णय होगा।


रामानुजगंज को नगर पालिका का दर्जा मिलने पर जश्न

नगर पंचायत रामानुजगंज को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। चौक-चौराहों पर पटाखे फोड़कर लोगों ने उत्सव मनाया। रामानुजगंज जिला का सबसे अधिक आबादी वाला शहर है और यह दर्जा लंबे समय से मांगा जा रहा था। वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के प्रयासों से यह संभव हुआ। दर्जा मिलने के बाद छत्तीसगढ़ राजपत्र में इसे प्रकाशित किया गया, जिसके बाद नगरवासियों में उत्साह देखा गया।


प्रदेश में मौसम का हाल: बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाओं ने मौसम को सर्द बना दिया है। मौसम विभाग ने आज और शनिवार को गरज-चमक के साथ वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 30.4 डिग्री दंतेवाड़ा में और सबसे कम 11.6 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!