पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर देश शोकाकुल, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर (शिखर दर्शन) // भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉ. सिंह के सशक्त नेतृत्व और नीतिगत सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी थी, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “देश आपका सदैव आभारी रहेगा। इतिहास आपके योगदान से हमेशा प्रेरित रहेगा।” उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक अकाउंट से यह संदेश साझा किया।
बघेल ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में डॉ. सिंह को एक महान राष्ट्रसेवक बताते हुए लिखा, “एक महान राष्ट्रकर्मी आज जीवन के अंतिम सफर पर हमसे विदा हो गए। उनके व्यक्तित्व और योगदान को शब्दों में बयां करना कठिन है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने डॉ. सिंह के निधन को देश के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शांति।”
डॉ. मनमोहन सिंह का भारतीय राजनीति और आर्थिक सुधारों में योगदान अमिट है। उनके निधन से देश ने एक महान नेता और दूरदर्शी व्यक्तित्व को खो दिया है।
