राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस्तर की बेटी हेमबती को “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024” से नवाजा, सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा- शाबाश बिटिया!

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज बस्तर संभाग के कोण्डागांव की जूडो खिलाड़ी हेमबती नाग को “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बनी है, और इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेमबती को ट्वीट करके शाबाशी दी। उन्होंने ट्वीट किया, “शाबाश बिटिया! राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी, कोण्डागांव की बिटिया हेमबती नाग को आज माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2024’ से सम्मानित किया जाना, समस्त प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।”
सीएम भूपेश बघेल ने हेमबती की कठिनाइयों के बावजूद संघर्ष और सफलता की कहानी को सराहा। उन्होंने कहा, “हेम्बती ने कठिन परिस्थितियों में भी अपना हौसला नहीं खोया और अपनी अथक मेहनत और कड़े संघर्ष से खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की अन्य प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “हमारी सरकार ऐसे प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। निश्चित ही बिटिया की यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है।” उन्होंने हेमबती को इस सम्मान के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

बता दें कि हेमबती ने हाल ही में अगरतला (त्रिपुरा) में 12 से 15 दिसंबर तक आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्कूल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। इसके अलावा, पंजाब के लुधियाना में 6 से 11 जनवरी तक आयोजित जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी हेमबती का अभिनंदन किया और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान और हेमबती की उपलब्धियां छत्तीसगढ़ के खेल क्षेत्र में एक नई उम्मीद और प्रेरणा का संदेश देती हैं।
