मोहन कैबिनेट की बैठक आज: सरकार के एक साल के कार्यकाल पर मंथन, मंत्री और अधिकारी होंगे शामिल
भोपाल ( शिखर दर्शन )
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मोहन कैबिनेट की बैठक और मंथन शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सरकार के एक साल पूरे होने पर योजनाओं की समीक्षा और भविष्य की दिशा तय की जाएगी। बैठक और शिविर में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
मंथन शिविर: चार वर्गों पर रहेगा विशेष फोकस
मंथन शिविर सुबह 11:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों और अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण से जुड़े चार प्रमुख वर्गों—युवा, गरीब, महिलाएं और किसान—पर केंद्रित योजनाओं के लिए मंथन करने का निर्देश दिया है।
इस दौरान चारों वर्गों के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। शिविर दो सत्रों में होगा, जिसमें दोपहर 2:00 से 3:00 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। दूसरा सत्र दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा और शाम 5:15 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन होगा।
कैबिनेट बैठक: मंथन शिविर से पहले अहम फैसले
मंथन शिविर से पहले, सुबह 10:00 बजे मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। इसमें चार वर्गों पर केंद्रित मिशनों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार की मौजूदा योजनाओं की प्रगति और आगामी लक्ष्यों पर भी चर्चा होगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम कई महत्वपूर्ण आयोजनों से भरा हुआ है:
- सुबह 9:00 बजे: हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- सुबह 9:25 बजे: भाजपा प्रदेश कार्यालय का दौरा।
- सुबह 9:50 बजे: मंत्रालय पहुंचेंगे।
- सुबह 10:10 बजे: कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेंगे।
- सुबह 11:00 बजे: भारत भवन में वीर बाल दिवस कार्यक्रम में भागीदारी।
- शाम 6:30 बजे: नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की बैठक।
सरकार के एक साल के कार्यकाल के इस मंथन से प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
