अलीराजपुर दौरे पर मुख्यमंत्री करेंगे 1700 करोड़ की सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अलीराजपुर के छकतला में 1700 करोड़ रुपये की लागत से बने सोंडवा उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन करेंगे। इस परियोजना से जिले के 169 गांवों की 55,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित होगी, जिससे कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पीने के पानी की उपलब्धता में भी सुधार होगा।
भूमि-पूजन के दौरान जल संसाधन विभाग और लोक सेवा यांत्रिकी विभाग समेत कई अन्य विभागों की योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृष्ण प्रणामी संप्रदाय के एक विशेष कार्यक्रम में भी सम्मिलित होंगे।
17 दिसंबर को पेश होगा पहला सप्लीमेंट्री बजट
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में 17 दिसंबर को पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। यह बजट 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है, जिसका उद्देश्य आगामी तीन महीनों में विकास योजनाओं को गति देना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने पहले ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी दिला दी है। साथ ही, वित्त विभाग ने साल 2025-26 के मुख्य बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं और 15 जनवरी तक विभागों से सुझाव मांगे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव पेश करेंगे एक साल का रिपोर्ट कार्ड
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपने कार्यकाल के एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। मिंटो हॉल में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में वे अपनी सरकार की उपलब्धियां और घोषणापत्र में किए गए वादों का लेखा-जोखा देंगे।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी सरकार के कार्यों पर प्रकाश डालेंगे। रिपोर्ट कार्ड में समर्पण, सेवा, सुशासन, संस्कृति, और त्योहारों पर सरकार के फोकस को दर्शाया जाएगा।
महाकालेश्वर मंदिर में दिव्य श्रृंगार
उज्जैन। 12 दिसंबर को बाबा महाकालेश्वर का भांग और चंदन से दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालु मंदिर में जाकर महाकाल के इस अद्भुत श्रृंगार के दर्शन कर सकते हैं।
सीएम बोले: शिक्षा की परंपरा से प्रदेश और उज्जैन का पुराना नाता
भोपाल। इंटरनेशनल गीता फेस्टिवल के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिक्षा की समृद्ध परंपरा से मध्य प्रदेश और उज्जैन का गहरा नाता है। उन्होंने प्रदेश में गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।