रायपुर संभाग

कबीरधाम दौरे पर सीएम साय, कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर मंथन, धान खरीदी अभियान तेज

छत्तीसगढ़ में आज का दिन: राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से सराबोर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक हलचलों, प्रशासनिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों से भरा हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, और वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई नेता और मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वहीं, कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए पूरे प्रदेश में बैठकें शुरू कर दी हैं।

मुख्यमंत्री का कबीरधाम दौरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 9:00 बजे महाराष्ट्र से राजधानी रायपुर लौटेंगे। इसके बाद दोपहर 1:55 बजे वे कबीरधाम के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री वहां कुसुमघाट में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके इस दौरे से स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस दौरान कई नई घोषणाएं कर सकते हैं।

कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को नई धार

छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज से राज्य के विभिन्न जिलों में कांग्रेस के प्रभारी सचिव बैठकें करेंगे। रायपुर में कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की कमान संभालेंगे। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी अभियान पर मंथन किया जाएगा।

धान खरीदी अभियान में किसानों का उत्साह

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान जोर-शोर से जारी है। अब तक 29.22 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। 6.15 लाख किसानों को इसके एवज में 6727.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। 14 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। सरकार ने किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही है।

डिप्टी सीएम अरुण साव का मुंगेली दौरा

डिप्टी सीएम और विधि एवं विधाई कार्य मंत्री अरुण साव आज मुंगेली में आयोजित अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। वे दोपहर 3:00 बजे बिलासपुर से रवाना होकर शाम 4:00 बजे कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

वाणिज्य मंत्री का कोरबा में भूमिपूजन

वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन आज कोरबा में दो विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। वे दोपहर 2:00 बजे बिरसामुंडा चौक के पास 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कलवर्ट और एप्रोच रोड का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद 3:00 बजे कोरबा प्रेस क्लब में 10 लाख रुपये की लागत से होने वाले विस्तार कार्य का भूमिपूजन करेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

शहर में आज धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का भी दौर रहेगा।

  • श्रीराम कथा: पुरानी बस्ती स्थित श्रीमहामाया देवी मंदिर में पं. शंभूशरण लाटा महाराज की वाणी से दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक कथा होगी।
  • भागवत कथा: हरिओम निवास, अमलेश्वर में गोपाल शरण देवाचार्य महाराज की वाणी से श्रीमद्भागवत कथा दोपहर 1:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित होगी।
  • स्कूटर रैली: ब्रह्म स्वरूप संत बाबा गेलाराम साहब के वर्षी महोत्सव के अवसर पर विशाल स्कूटर रैली गोदड़ीवाला धाम, देवपुरी से दोपहर 12:00 बजे शुरू होगी।

छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीति, विकास और संस्कृति के विविध रंगों के साथ विशेष है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!