मध्यप्रदेश

महाकाल मंदिर में पंचामृत अभिषेक और भस्म आरती: सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

विशेष संवाददाता छमू गुरु की रिपोर्ट :

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह मार्गशीर्ष माह, कृष्ण पक्ष पंचमी तिथि पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए और भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस) से विशेष पूजन किया गया।

इस अवसर पर भगवान महाकाल का दिव्य श्रृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाने के बाद शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से बनी माला धारण कराई गई। पूजा के दौरान भगवान को फल और मिष्ठान का भोग भी अर्पित किया गया।

सुबह आयोजित भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्तों ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान के पास अपनी मनोकामनाएं पूरी होने का आशीर्वाद मांगा। जयकारों से पूरा मंदिर गुंजायमान हो उठा, जिससे भक्तों का उत्साह चरम पर था।

महाकाल मंदिर में हुई इस भक्तिमय पूजा ने श्रद्धालुओं के मन को शांति और ऊर्जा प्रदान की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!