महाकालेश्वर मंदिर में गणेश रूपी श्रृंगार, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

छमू गुरु की रिपोर्ट :
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में 4 दिसंबर, मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि पर विशेष पूजन-अभिषेक के साथ भगवान महाकाल का दिव्य गणेश रूपी श्रृंगार किया गया। बुधवार सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार
कपाट खुलने के बाद भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से उनका स्नान कराया गया। महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाला और रुद्राक्ष की माला पहनाई गई। इसके साथ ही सुगंधित पुष्पों से बनी मालाओं से उन्हें सजाया गया। अंत में भगवान को फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।
भस्म आरती में श्रद्धालुओं का उत्साह
सुबह की भस्म आरती में देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं बताई और बाबा महाकाल से आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से ओतप्रोत माहौल में आरती का आनंद लिया।
महाकाल मंदिर में यह विशेष श्रृंगार और भस्म आरती श्रद्धालुओं के लिए आस्था और दिव्यता का अद्वितीय अनुभव बना।