श्री महाकालेश्वर मंदिर में दिव्य श्रृंगार और भस्म आरती: सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, गूंज उठे जयकारे

पत्रकार छमू गुरु की रीपोर्ट :
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार, 3 दिसंबर को मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि पर भगवान महाकाल का दिव्य श्रृंगार और भस्म आरती संपन्न हुई। सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए, जिसके बाद सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद पंचामृत से अभिषेक पूजन हुआ, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस का प्रयोग किया गया।
भगवान महाकालेश्वर को ‘ॐ’ अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया। महाकाल को शेषनाग के रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से बनी फूलों की माला धारण कराई गई। इसके बाद महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।
सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कान के समीप अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कर आशीर्वाद मांगा।
पूरे मंदिर परिसर में “जय महाकाल” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था ने मंदिर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया।