जिला कार्यालय में हर मंगलवार लगेगा जनदर्शन, अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला कार्यालय में अब हर सप्ताह जनदर्शन आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर अवनीश शरण ने टीएल बैठक में यह निर्देश दिए हैं। जनदर्शन हर मंगलवार शाम 4 से 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें कलेक्टर स्वयं उपस्थित रहकर समस्याओं की सुनवाई करेंगे।
बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी अपनी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर परेशान रहते हैं। इन्हीं समस्याओं के त्वरित और व्यवस्थित निराकरण के लिए इस जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें न केवल वर्तमान में सेवारत अधिकारी-कर्मचारी बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारी भी अपनी समस्याएं लेकर आ सकते हैं।
इस जनदर्शन में विभागीय मामलों, सेवा संबंधित विवादों, पेंशन, प्रमोशन, स्थानांतरण जैसी समस्याओं पर कलेक्टर से सीधे संवाद कर समाधान प्राप्त किया जा सकेगा। कलेक्टर की इस पहल को अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने सकारात्मक कदम बताते हुए स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग से समय मिलेगा और लंबित मुद्दों का सार्थक समाधान हो सकेगा।
जनदर्शन की इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण होगा और जिला प्रशासन से उनका संवाद बेहतर होगा।
