छत्तीसगढ़ में 8900 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, सीएम साय ने ट्वीट कर दी जानकारी

छत्तीसगढ़ में 8900 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 19 विभागों में जल्द होंगी नियुक्तियां
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में विभिन्न विभागों में 8900 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया का आगाज़ हो गया है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के जरिए दी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में बताया कि राज्य सरकार ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, विद्युत निरीक्षक कार्यालय, और न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में कुल 151 पदों पर भर्ती को स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई भर्तियों से विभागों की दक्षता और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही, राज्य की विकास परियोजनाओं को भी नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब तक उनकी सरकार द्वारा 19 विभागों में कुल 8971 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी जा चुकी है।
इन भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के मेधावी युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “यह सरकारी सेवा में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है। प्रदेश के होनहार युवा अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत और लगन से तैयारी करें। हमारी सरकार आपके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।”

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लगातार नई भर्तियों की स्वीकृति से प्रदेश के युवाओं में उत्साह है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये नियुक्तियां न केवल सरकारी सेवाओं में रिक्तियों को भरेंगी बल्कि प्रदेश के विकास में भी अहम योगदान देंगी।