भीषण सड़क हादसे में चार की मौत: कटनी में शादी में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे, सभी मृतक एक ही परिवार के

मैहर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना मैहर जिले से सामने आई है, जहां एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जो कटनी में एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे।
हादसा मैहर के NH-30 पर घुंसडू नदी के पास हुआ। तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क के नीचे गिर गई। हादसे में कार में सवार चार लोग मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे।
हादसा रात लगभग 3 बजे हुआ। सूचना मिलते ही मैहर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की। मृतकों में सुखविधान सिंह, दामोदर सिंह, शिवराज सिंह, और अरविंद सिंह शामिल हैं, जो देवेन्द्रनगर के सेमरी गांव के निवासी थे। ये सभी कटनी में एक शादी में शामिल होने के बाद रात 1 बजे मैहर लौट रहे थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे की मुख्य वजह क्या थी। सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों लोग आपस में रिश्तेदार थे, और इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
यह हादसा मध्यप्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की ओर इशारा करता है, खासकर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों के कारण।