Blog

बिलासपुर को 143 करोड़ की विकास सौगात: CM विष्णुदेव साय करेंगे नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

रायपुर/बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 नवंबर को बिलासपुर में 143 करोड़ 68 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे, जिससे शहर को नई सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान वे सकरी रोड, मिनोचा रोड, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, मिनी स्टेडियम, सिटी कोतवाली परिसर में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग और अरपा नदी के तट पर बने रामसेतु मार्ग का लोकार्पण करेंगे। साय कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित राउत नाचा महोत्सव में भी शामिल होंगे।

रामसेतु मार्ग

अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के तहत अरपा नदी के किनारे बने सड़क का नाम ‘रामसेतु मार्ग’ रखा गया है। इस परियोजना पर 49 करोड़ 98 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जिसमें फुटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, रिटेनिंग वॉल, पीचिंग और सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

मिनी स्टेडियम

बिलासपुर के शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला के मैदान को 21 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम में तब्दील किया गया है। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनाए गए इस स्टेडियम में 14115 वर्ग मीटर का क्रिकेट मैदान, डे-नाइट मैच की सुविधा, आधुनिक जिम, इनडोर खेलों के लिए सुविधाएं और खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हॉस्टल भी है।

स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

14 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से संजय तरण पुष्कर परिसर में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया गया है। इस तीन मंजिला कॉम्पलेक्स में बेसमेंट में पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर पर रिसेप्शन और रेस्टोरेंट, प्रथम तल पर बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस और द्वितीय तल पर मल्टीपरपज हॉल, योगा, मैट गेम की सुविधा है। तीसरे तल पर मनोरंजन की सुविधाएं हैं।

कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग

कोतवाली थाना परिसर में 29 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से तीन मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया गया है। इसमें 192 कारें और 325 बाइक पार्क की जा सकेंगी, साथ ही ग्राउंड फ्लोर को कमर्शियल कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें 46 दुकानों का निर्माण किया गया है।

उस्लापुर-सकरी सड़क का उन्नयन

उस्लापुर रेलवे ओवरब्रिज से सकरी बाईपास चौक तक 15 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से सवा चार किलोमीटर सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है। इससे राहगीरों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और सड़क पर डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और दोनों ओर नालियों का निर्माण किया गया है।

मिनोचा कॉलोनी और अन्य सड़कों का सुधार

शहर की अन्य प्रमुख सड़कों का भी 11 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से उन्नयन, डामरीकरण और साइनेज का कार्य किया गया है। महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओवरब्रिज तक 800 मीटर लंबी सड़क, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और रोटरी का निर्माण भी इस परियोजना में शामिल हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!