मध्यप्रदेश

MP में अपराधों पर नकेल: CM डॉ. मोहन ने कलेक्टर-कमिश्नर को दिया फ्री हैंड, बोले- ‘निर्देश का इंतजार न करें’

नशा मुक्ति से लेकर महिला सुरक्षा तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज प्रदेश के कलेक्टर और कमिश्नरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें अपराध नियंत्रण, विकास कार्य, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर व्यापक चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों को फ्री हैंड देते हुए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को अब ऊपरी आदेश का इंतजार नहीं करना होगा; वे खुद निर्णय लेकर नियम विरुद्ध काम रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करेंगे।

अपराध पर सख्ती और नशा मुक्ति पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधीक्षकों को नशे की रोकथाम के लिए सक्रिय होना होगा। सीमावर्ती जिलों में नशा सप्लाई चैन पर खास नजर रखी जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशा युक्त सिरप और अन्य हानिकारक पदार्थों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाए।

खाद और नकली बीज वितरण पर कार्रवाई

बैठक में खाद वितरण और नकली बीज के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए और इसका वितरण सही तरीके से किया जाए। नकली बीजों की बिक्री पर नियंत्रण रखने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

राजस्व महाअभियान 3.0 के लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश

राजस्व महाअभियान 3.0 पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बटांकन और खसरे से आधार लिंक के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।

महिला सुरक्षा के लिए ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान

महिलाओं के प्रति हिंसा रोकने के उद्देश्य से 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान पुरुषों की जिम्मेदारी पर केंद्रित रहेगा, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा के लिए सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वाहनों में पैनिक बटन का उपयोग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया ताकि महिलाओं की सुरक्षा में सुधार हो सके।

शीतकालीन व्यवस्था और गीता जयंती पर कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों में ठंड के मद्देनजर गर्म कपड़ों की व्यवस्था करने और वहां रहने वालों के स्वास्थ्य परीक्षण का निर्देश दिया। इसके अलावा, गीता जयंती पर 11 दिसंबर को राज्यव्यापी सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए भी निर्देश दिए गए।

डिजिटल सेवाओं का प्रसार और जनसमस्याओं का समाधान

बैठक में डिजिटल माध्यमों से जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को समय-सीमा में निपटाने और ‘स्व निधि भी, स्वाभिमान भी’ शिविरों का आयोजन कर पीएम स्वनिधि योजना को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की इस बैठक से स्पष्ट है कि प्रदेश में अपराध, नशा, महिला सुरक्षा और विकास के लिए प्रशासन को निर्णायक कदम उठाने का फ्री हैंड दिया गया है, जिससे इन समस्याओं का ठोस समाधान किया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!