सड़क हादसे में घायल हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर लाया गया

सीएम साय ने की जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर लाया गया है। इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर ट्वीट कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
सीएम साय ने ट्वीट में लिखा, “कैबिनेट के हमारे वरिष्ठ साथी रामविचार नेताम जी के कार दुर्घटना में चोटिल होने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रभु श्रीराम से उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि मंत्री रामविचार नेताम बेमेतरा से रायपुर लौटते वक्त रायपुर-बेमेतरा मार्ग पर जेवरा गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर एक पिकअप वाहन से हो गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मंत्री नेताम बेहोश हो गए थे, जबकि उनके सहयोगी धीरज को भी गंभीर चोटें आई हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बेमेतरा कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर मंत्री रामविचार नेताम को राजधानी रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल लाया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है।
