रायपुर संभाग

रायपुर नगर निगम की सख्त कार्रवाई: 1 लाख प्रॉपर्टी पर नोटिस, बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // इस वर्ष रायपुर नगर निगम ने 500 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का लक्ष्य तय करते हुए अभियान तेज कर दिया है। निगम की टीम घर-घर दस्तक देकर 1 लाख ऐसी प्रॉपर्टियों को नोटिस देने की तैयारी में है, जिनका अभी तक मूल्यांकन नहीं हुआ है। साथ ही, 1 लाख 42 हजार संपत्ति मालिकों के मोबाइल नंबर को अपडेट करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, ताकि उन्हें वाट्सअप चैटबॉट और मैसेज के माध्यम से टैक्स की सूचना दी जा सके।

बड़े बकायादारों पर कार्रवाई के तहत निगम के जोन-10 कमिश्नर राकेश शर्मा के नेतृत्व में 4 प्रमुख प्रॉपर्टी सील कर दी गई हैं। इसमें टैगोर नगर में गोविंद एल्युमिनियम के प्रोपराइटर महेश नारवानी का व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स 10 लाख 47 हजार रुपये का बकाया होने पर सील किया गया। इसी तरह, महावीर नगर में अजय क्षेत्रे के प्रतिष्ठान पर 6 लाख 17 हजार रुपये, श्यामनगर में अनिल बजाज के व्यवसायिक परिसर पर 6 लाख 93 हजार रुपये, और वार्ड क्रमांक 52 के आनंद रेस्टोरेंट (प्रोपराइटर ज्योति शर्मा) पर 5 लाख 78 हजार रुपये का बकाया होने के कारण सील की कार्रवाई की गई है।

स्वसहायता समूह की मदद से सर्वे अभियान

शहर की 1 लाख प्रॉपर्टी का मूल्यांकन करने के लिए नगर निगम अब स्वसहायता समूहों का सहयोग ले रहा है। निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा के अनुसार, इन समूहों के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे शुरू हो चुका है। इसके तहत, प्रत्येक राजस्व निरीक्षक को प्रतिदिन 50-50 प्रॉपर्टी का सर्वेक्षण करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि नगर निगम का राजस्व बढ़ाया जा सके और बकाया टैक्स की वसूली सुनिश्चित हो सके।

नगर निगम की यह कड़ी कार्रवाई और सर्वे प्रक्रिया संपत्ति कर वसूली के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शहर के राजस्व में सुधार की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!