श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह की भस्म आरती….. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किए दिव्य दर्शन !
उज्जैन (शिखर दर्शन ) विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर शनिवार को महाकाल आरती का आयोजन हुआ,

जहां भक्तों की भीड़ ने अद्भुत दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किए।
सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान महाकाल का पवित्र गंगा जल से जलाभिषेक किया गया, जिसके बाद पंचामृत—दूध, दही, घी, शहद, और फलों के रस से महाअभिषेक संपन्न हुआ। श्रृंगार में भगवान महाकाल ने भस्म, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुण्ड माल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित फूलों की माला धारण की। इसके साथ ही,
श्री महाकाल को फल और अवंतिका नगरी की प्रसिद्ध मिठाइयों का भोग अर्पित किया गया।
सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर श्री महाकाल के दर्शन किए और नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं बाबा तक पहुंचाने की विनती की । मंदिर की दसों दिशाएं भक्तों के द्वारा लगाए जा रहे जयकारे “हर हर महादेव”, “जय जय श्री महाकाल”, “ॐ नमः शिवाय”, “हर हर शंभू” से गूंज रही थी , जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
