श्री महाकालेश्वर मंदिर में दिव्य श्रृंगार और भस्म आरती के साथ भक्तों ने लिया आशीर्वाद

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर मंगलवार सुबह 4 बजे भक्तों के लिए कपाट खोले गए। इस विशेष अवसर पर भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर, दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पवित्र अभिषेक पूजन संपन्न हुआ। भगवान महाकालेश्वर के मस्तक पर चंद्र अर्पित कर दिव्य श्रृंगार किया गया और भस्म चढ़ाई गई।
भगवान महाकाल को इस दौरान शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला धारण कराई गई। साथ ही फल और मिष्ठान का भोग भी अर्पित किया गया।
सुबह आयोजित भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थिति दर्ज कराई और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्तों ने नंदी महाराज के कान के समीप जाकर अपनी मनोकामनाएं प्रकट कीं और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में बाबा महाकाल की जयकारों से गूंज रहा था, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा से महाकाल के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।