तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डबरी में गिरी, 6 की मौत; एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत
बलरामपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले के बुढा बगीचा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद गहरे डबरी (जलाशय) में गिर गई, जिससे हादसे में छह लोगों की जान चली गई। इस भयावह दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर गाड़ी में फंसे ड्राइवर को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के लिए राजपुर अस्पताल ले जाया गया।
हादसे की पूरी घटना:

जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 8:30 बजे हुआ, जब सभी पीड़ित कुसमी क्षेत्र के लरिमा गांव से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। बुढा बगीचा मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से उतरकर किनारे बने डबरी में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, डबरी में गिरने के बाद गाड़ी पानी में डूब गई, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
पीड़ितों की पहचान:
दुर्घटना में मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जिनकी पहचान चंद्रावती (पति संजय मुंडा), कृति (पिता संजय मुंडा), संजय मुंडा (पिता वासुदेव), और उदयनाथ (पिता रामेश्वर) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों में मंगल दास (पिता धनश्याम मुंडा) और भूपेंद्र (पिता हरिलाल) भी शामिल हैं। चालक बालेश्वर प्रजापति (पिता झगरू) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थानीय लोगों में शोक:
इस दर्दनाक हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है।