राजधानी रायपुर के नाकोड़ा ज्वेलर्स में भीषण आग, दुकान समेत चार दुकानें जलकर खाक

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में स्थित नाकोड़ा ज्वेलर्स में बीती रात भयानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पूरी दुकान जलकर खाक हो गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि नाकोड़ा ज्वेलर्स के साथ ही आसपास की चार अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं, जिससे उनमें भी काफी नुकसान हुआ है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ज्वेलर्स शॉप में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
