राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में होंगे भव्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री से लेकर सांसद-विधायक तक बनेगें मुख्य अतिथि

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस 2024 के अवसर पर 5 नवम्बर को सभी जिला मुख्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक सहित राज्य के कई प्रमुख नेता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इन विशेष आयोजनों का उद्देश्य प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और गौरव को प्रस्तुत करना है, जो पूरे राज्य में उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
रायपुर जिले में मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति रहेगी, जबकि बिलासपुर के कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी प्रकार, बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी उपस्थिति से स्थापना दिवस के इस अवसर को और विशेष बनाएंगे।
महासमुंद जिले के कार्यक्रम में मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग में मंत्री केदार कश्यप और कोरबा में मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि रहेंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा जांजगीर-चांपा में मंत्री ओ.पी. चौधरी भी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
अन्य जिलों में मुख्य अतिथियों का कार्यक्रम:
बालोद में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान में सांसद संतोष पांडेय, जशपुर में सांसद चिंतामणी महाराज और बेमेतरा में सांसद रूप कुमारी चौधरी मुख्य अतिथि रहेंगे। इसके अतिरिक्त रायगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ति में सांसद कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप और कांकेर में सांसद भोजराज नाग भी मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा मुंगेली जिले में विधायक पुन्नु लाल मोहले, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक धरमलाल कौशिक, धमतरी में विधायक अजय चन्द्राकर और कबीरधाम में विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी तरह, कोरिया में विधायक रेणुका सिंह, सूरजपुर में विधायक भैया लाल राजवाड़े, कोंडागांव में विधायक लता उसेंडी और बीजापुर में विधायक विक्रम उसेंडी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक राजेश मूणत और सुकमा में विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


राज्य स्थापना दिवस के इन कार्यक्रमों में जिले-जिले की संस्कृति, कला और स्थानीय धरोहर को प्रस्तुत किया जाएगा।
