नवा रायपुर में खुलेगा एनसीबी का क्षेत्रीय दफ्तर, नशे के नेशनल हाइवे पर अब लगेगी लगाम : कौशिक

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने यह जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का क्षेत्रीय कार्यालय जल्द ही खुलने जा रहा है। इस कार्यालय का उद्घाटन 25 अगस्त को सुबह 11 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया जाएगा।
श्री कौशिक ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए एनसीबी का कार्यालय स्थापित करने की मांग की गई थी। इस संदर्भ में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर एक पत्र भी सौंपा था, जिसमें प्रदेश में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव मदद की अपील की गई थी। श्री कौशिक ने कहा, “इसके लिए मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का पूरे छत्तीसगढ़वासियों की ओर से आभार व्यक्त करता हूँ।”

उन्होंने बताया कि एनसीबी का यह नया कार्यालय ओडिशा और आंध्र प्रदेश के रास्ते हो रही मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और बढ़ते नशे के नेशनल हाइवे पर लगाम लगाएगा। श्री कौशिक ने नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई को बहुत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसे गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने इस संघर्ष को एक चुनौती और अवसर दोनों बताते हुए कहा कि इसे एकता और दृढ़ संकल्प के माध्यम से जीता जा सकता है।
श्री कौशिक ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसे युवा पीढ़ी को नशे की बुराई से दूर रखकर ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मोदी सरकार ने नशीली दवाओं के खिलाफ समग्र सरकारी दृष्टिकोण, संरचनात्मक, संस्थागत और सूचनात्मक सुधारों के माध्यम से लड़ाई लड़ी है। भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल नशा करने वालों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करना है। उन्होंने कहा कि नशे की आपूर्ति श्रृंखला के प्रति निर्मम दृष्टिकोण, मांग में कमी के प्रति प्रतिबद्धता और नुकसान में कमी के प्रति मानवीय दृष्टिकोण को अपनाया जाना चाहिए।

