सालों बाद बेटों ने पिता की हत्या का लिया खौफनाक बदला , सजा काटकर लौटे शख्स की बेरहमी से कर दी हत्या

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) //सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम लगरा में सोमवार को एक नृशंस घटना सामने आई, जहां पड़ोसियों ने 8 साल पुरानी हत्या का बदला लेते हुए छतराम केंवट की बेरहमी से हत्या कर दी।
छतराम केंवट, जो रोजी-मजदूरी करता था, पर उसके पड़ोसी जितेंद्र केंवट, धर्मेंद्र केंवट, और हेमंत केंवट ने टंगिया और लाठी से जानलेवा हमला किया। अचानक हुए हमले से छतराम संभल नहीं पाया और सिर तथा गले में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हमलावर फरार हो गए, लेकिन सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने गांव में छानबीन की। पूछताछ के दौरान पता चला कि छतराम और उसके पिता संतोष के खिलाफ धर्मेंद्र के पिता तिलकराम केंवट की हत्या का मामला था। इस घटना को लेकर धर्मेंद्र और उसके भाईयों की छतराम से रंजिश थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने यह हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस ने धर्मेंद्र और हेमंत केंवट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जितेंद्र केंवट फरार है और उसकी तलाश जारी है। छतराम और उसके पिता संतोष को तिलकराम की हत्या के आरोप में पहले जेल भेजा गया था, और इसके बाद से धर्मेंद्र और उसके भाईयों में गहरा बदला लेने की भावना थी।



