कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को देर रात सेंट्रल जेल में भेजा गया, समर्थकों ने बड़ी संख्या में जेल परिसर में किया प्रदर्शन

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को देर रात जेल भेजा गया, समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को देर रात रायपुर सेंट्रल जेल में दाखिल कराया गया। इस दौरान जेल परिसर के बाहर भारी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए बड़ी संख्या में बल तैनात किया।
गिरफ्तारी और नारेबाजी के बीच दिखाया संविधान
गिरफ्तारी के वक्त देवेंद्र यादव ने जेल में दाखिल होने से पहले अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए संविधान की किताब दिखाकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इससे पहले, बलौदाबाजार हिंसा मामले में उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने देर रात उन्हें तीन दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तारी का विरोध और विधायक का आत्मविश्वास
शनिवार सुबह करीब 10 बजे बलौदाबाजार पुलिस यादव के सेक्टर 5 स्थित निवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। गिरफ्तार होने से पहले विधायक ने कार के ऊपर चढ़कर ‘सतनाम’ का झंडा लहराया और संविधान की किताब दिखाते हुए अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, “हम लड़ेंगे और जीतेंगे।”
बलौदाबाजार हिंसा की पृष्ठभूमि
यह मामला 10 जून को सतनामी समाज द्वारा बलौदाबाजार में हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें कलक्ट्रेट परिसर में आगजनी की घटना हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने 150 से अधिक दोपहिया और 10 चारपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इसके साथ ही कलेक्टर और एसपी कार्यालय में कई दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए थे। विधायक देवेंद्र यादव पर इस हिंसा को भड़काने का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई।
