राजधानी के पास डैम में होटल संचालक की शव मिलने से हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

अभनपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी के अभनपुर इलाके में स्थित दुलना के डैम में आज दोपहर एक होटल संचालक की तैरती लाश मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शव की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को डैम से बाहर निकाला। मृतक की पहचान भीषम सचदेव (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नवापारा के गुलाब गार्डन के सामने स्थित संस्कार होटल का मालिक था।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 10:30 बजे भीषम सचदेव अपने घर से दुपहिया पर सामान्य अवस्था में निकले थे। हालांकि, दोपहर में जब लोगों ने डैम में उनकी लाश देखी, तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की और उसे नवापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चीरघर में भेजा।
अब सवाल यह है कि यह घटना आत्महत्या है या हत्या? पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कल सुबह होगा और इसके बाद इस मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
