बेरहम शिक्षक ने छात्र को नोट्स न लिखने पर डंडे से पीटा, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

“शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, स्कूल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया”
बिलासपुर (शिखर दर्शन )// रेलवे इंग्लिश मीडियम क्रमांक-2 बुधवारी बाजार स्कूल में एक छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। 14 वर्षीय अहमद रज़ा, जो कक्षा आठवीं का छात्र है, को संस्कृत के शिक्षक राकेश कुमार ने छड़ी टूटने तक पीटा।

अहमद की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने नोट्स नहीं लिखे थे।
शिक्षक का गुस्सा इतना भयंकर था कि उन्होंने मोटी छड़ी से छात्र के पीठ पर गहरे चोट किए, जिससे अहमद बेहोश होकर गिर पड़ा। जब उसे होश आया, तो उसने किसी व्यक्ति के फोन से अपने पिता इमरोज अहमद को कॉल किया।
परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे से पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की और शिक्षक को स्कूल से निकालने की मांग की। हालांकि, परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। स्कूल प्रबंधन ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



