रायपुर संभाग

सीएम साय की आज विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी, कांग्रेस की संविधान यात्रा, डिप्टी CM साव का कोरबा दौरा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

सुबह 10:30 बजे, मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आबकारी विभाग के बायोमेट्रिक उपस्थिति के लिए ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद, वे जशपुर जिले के किलकिला में दोपहर 12:20 बजे से 1:20 बजे तक संस्कृति गौरवगान और अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे।

समारोह के बाद, मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से 2:55 बजे रायपुर लौटेंगे। अपराह्न 3 बजे से 5:30 बजे तक, वे मेडिकल कॉलेज सभागार रायपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस संगोष्ठी में भाग लेंगे। संध्या 6:45 बजे, मुख्यमंत्री रायपुर के भारत माता चौक में भारत माता की आरती कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कांग्रेस की संविधान यात्रा आज, डिप्टी सीएम साव और अन्य प्रमुख कार्यक्रम

कांग्रेस की संविधान यात्रा

आजादी की 77वीं वर्षगांठ के एक दिन पहले, 14 अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में संविधान यात्रा निकालेगी। इस यात्रा में राज्य के सभी वार्डों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र के हरदेव लाला मंदिर में आयोजित यात्रा में शामिल होंगे। इस यात्रा में बड़े नेताओं, पदाधिकारियों, स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं, और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

डिप्टी सीएम अरुण साव का कोरबा दौरा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज अपने कोरबा जिले के दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे दोपहर 12 बजे रायपुर से सड़क मार्ग से कोरबा जिले के पाली के लिए रवाना होंगे। वहां, दोपहर 3 बजे पाली नगर पंचायत में मंगल भवन का लोकार्पण करेंगे और गांधी चौक में महात्मा गांधी की नवनिर्मित मूर्ति का अनावरण करेंगे।

डिप्टी सीएम साव दोपहर 3:50 बजे पाली से कोरबा के लिए रवाना होंगे। शाम 5 बजे, वे कोरबा के टी.पी. नगर में आशीर्वाद प्वाइंट पर कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्वागत और अभिवादन कार्यक्रम में शामिल होंगे और विभाजन विभीषिका संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे, वे आशीर्वाद प्वाइंट से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक मौन मार्च में शामिल होंगे और ट्रांसपोर्ट नगर चौक में मशाल प्रज्ज्वलन और विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद, वे शाम साढ़े छह बजे कोरबा से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

मेडिकल कॉलेज में विभाजन विभीषिका दिवस

आज विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज रायपुर में विभाजन से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी और संगोष्ठी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, और सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

रायपुर में तिरंगा यात्रा

रायपुर पश्चिम से भाजपा की तिरंगा यात्रा आज निकलेगी। विधायक राजेश मूणत की अगुवाई में यह यात्रा भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में दोपहर 3 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर से शुरू होगी। इसके बाद, दोपहर 4 बजे रामनगर से 1.5 किलोमीटर की ध्वज यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे देशभक्ति से जुड़ी वेशभूषा में शामिल होंगे।

आक्रोश रैली और महासभा

सर्व हिंदू समाज द्वारा बांग्लादेश में निवासरत हिंदूओं की सुरक्षा के लिए आक्रोश रैली और महासभा का आयोजन आज मरीन ड्राइव तेलीबांधा मौली माता सरोवर के समीप दोपहर 2 बजे से होगा।

भागवत कथा

भागवत कथा प्रचार समिति रायपुर और अग्रवाल सभा टाटीबंध मोहल्ला समिति के संयुक्त तत्वावधान में मथुरा-वृंदावनवासी भागवताचार्य विष्णुप्रसाद दीक्षित की वाणी से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन आज अपरान्ह 3 बजे से शाम 7 बजे तक अग्रसेन भवन टाटीबंध में होगा। इसमें महारास, कंसवध, और श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह के प्रसंग सुनाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!