बिलासपुर संभाग

CGPSC घोटाला: कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के घर CBI का छापा, बेटे स्वर्णिम शुक्ला का डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन जांच के दायरे में

छत्तीसगढ़ PSC घोटाले में सीबीआई की कार्रवाई, कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और अन्य पर छापेमारी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सीजीपीएससी घोटाले की जांच में तेजी आ गई है। आज सुबह सीबीआई की टीम ने बिलासपुर में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के पुराने और नए दोनों घरों पर छापा मारा। इसके अलावा, दुर्ग में पूर्व गवर्नर के सचिव अमृत खालको और धमतरी में सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी के आवासों पर भी छापेमारी की गई है।

सीबीआई ने आठ सदस्यीय टीम के साथ सुबह करीब 6 बजे यदुनन्दनगर स्थित राजेंद्र शुक्ला के पुराने मकान पर पहुंची और उसके बाद तिफरा परसदा स्थित उनके नए घर पर छापा मारा। परिवार के सदस्यों के अनुसार, राजेंद्र शुक्ला दो दिनों से घर से बाहर हैं, लेकिन घर के सदस्यों से पूछताछ जारी है।

उल्लेखनीय है कि राजेंद्र शुक्ला के बेटे स्वर्णिम शुक्ला का 2018 में डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन हुआ था, जो इस छापेमारी के केंद्र में है। सीबीआई की यह कार्रवाई प्रदेश में पीएससी घोटाले के संबंध में अब तक की पहली छापेमारी मानी जा रही है।

इस बीच, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप को लेकर पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक ननकीराम कंवर ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने गहरी नाराजगी जताई और पूछा कि एक ही अधिकारी के चार-पांच रिश्तेदारों का कैसे चयन हो सकता है।

हाई कोर्ट मे चुनौती: छत्तीसगढ़ PSC घोटाले के तहत विवादित नियुक्तियों की सूची

छत्तीसगढ़ PSC घोटाले के संदर्भ में हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका ने कई विवादास्पद नियुक्तियों को उजागर किया है। इनमें कई डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य उच्च पदों पर नियुक्त व्यक्ति हैं जिनके संबंध पीएससी के पूर्व अध्यक्ष तामन सिंह सोनवानी और लोक सेवा आयोग के सचिव अमृत खलखो से हैं।

यहाँ विवादित नियुक्तियों की सूची दी गई है:

  • नितेश: डिप्टी कलेक्टर, पीएससी के पूर्व अध्यक्ष तामन सिंह सोनवानी का पुत्र।
  • साहिल: डीएसपी, तामन सिंह सोनवानी के बड़े भाई का पुत्र।
  • निशा कोशले: डिप्टी कलेक्टर, तामन सिंह सोनवानी के पुत्र नितेश की पत्नी।
  • दीपा अजगले/आडिल: जिला आबकारी अधिकारी, तामन सिंह सोनवानी के भाई की बहू।
  • सुनीता जोशी: लेबर आफिसर, तामन सिंह सोनवानी की बहन की पुत्री।
  • सुमित ध्रुव: डिप्टी कलेक्टर, लोक सेवा आयोग के सचिव अमृत खलखो का पुत्र।
  • नेहा खलखो: डिप्टी कलेक्टर, अमृत खलखो की पुत्री।
  • निखिल खलखो: डिप्टी कलेक्टर, अमृत खलखो का पुत्र।
  • साक्षी ध्रुव: डिप्टी कलेक्टर, बस्तर नक्सल ऑपरेशन के डीआईजी ध्रुव की पुत्री।
  • प्रज्ञा नायक: डिप्टी कलेक्टर, कांग्रेस नेता के ओएसडी के रिश्तेदार की पुत्री।
  • प्रखर नायक: डिप्टी कलेक्टर, कांग्रेस नेता के ओएसडी के रिश्तेदार का पुत्र।
  • अन्यया अग्रवाल: डिप्टी कलेक्टर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता की पुत्री।
  • शशांक गोयल: डिप्टी कलेक्टर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर कटियार का दामाद।
  • भूमिका कटियार: डिप्टी कलेक्टर, सुधीर कटियार की पुत्री।
  • खुशबू बिजौरा: डिप्टी कलेक्टर, कांग्रेस नेता के ओएसडी के साढू भाई की पुत्री।
  • स्वर्णिम शुक्ला: डिप्टी कलेक्टर, कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के पुत्र।
  • राजेंद्र कुमार कौशिक: डिप्टी कलेक्टर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता का पुत्र।
  • मिनीक्षी गनवीर: डिप्टी कलेक्टर, गनवीर की पुत्री जो तामन सिंह सोनवानी के साथ रहती हैं।

इन नियुक्तियों के संबंध में हाईकोर्ट में गंभीर सवाल उठाए गए हैं, खासकर जब एक ही परिवार और रिश्तेदारों के कई सदस्यों की एक साथ नियुक्ति पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!